Budhni News: बुधनी में वनकर्मी की संदिग्ध मौत, NH-46 के डिवाइडर पर मिला शव; परिजनों ने वन रक्षक पर उठाए सवाल

Budhni News: मध्य प्रदेश के बुधनी से एक बड़ी खबर सामने आई है। रातापानी क्षेत्र के बरखेड़ा इलाके में काम करने वाले वन विभाग के एक कर्मचारी का शव नेशनल हाईवे 46 के डिवाइडर पर संदिग्ध हालत में मिला है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक के परिजनों ने एक वन रक्षक पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष उच्च-स्तरीय जांच की मांग की है।
भीमकोठी निवासी तुकाराम भिलाला का मिला शव
मृतक की पहचान तुकाराम भिलाला के रूप में हुई है। बुधनी के भीमकोठी के रहने वाले तुकाराम रातापानी क्षेत्र के बरखेड़ा इलाके में वन विभाग में कार्यरत थे। बुधवार को नेशनल हाईवे 46 के डिवाइडर के पास उनका शव संदिग्ध हालत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची शव को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।
वन रक्षक के साथ देखे जाने का परिजनों का दावा
मृतक के परिजन इसे महज एक हादसा मानने को तैयार नहीं हैं। उनका आरोप है कि घटना से कुछ समय पहले तुकाराम को एक वन रक्षक के साथ देखा गया था। परिजनों का दावा है कि उनकी हत्या की गई है और शव को नेशनल हाईवे पर इसलिए रखा गया ताकि इसे एक हादसा दिखाया जा सके।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगा मौत का कारण
इन गंभीर आरोपों ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मौत के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हर पहलू को खंगाल रही है।
Read Also: MP News: दतिया में 286 किलो चांदी जब्त, कीमत 5 करोड़ से ज्यादा, आगरा से नागपुर जा रही थी खेप


