Bhopal News: भोपाल एयरपोर्ट देश में नंबर-1, ग्राहक संतुष्टि सर्वे में मिला 4.96 का स्कोर

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज हवाई अड्डे ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की अक्टूबर माह की ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण (CSS) रिपोर्ट में, भोपाल हवाई अड्डे ने सालाना 15 लाख से अधिक यात्रियों को संभालने वाले हवाई अड्डों की श्रेणी में देश भर में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस सर्वेक्षण में हवाई अड्डे को 5 में से 4.96 का स्कोर मिला है।
15वें स्थान से फिर शीर्ष पर पहुंचा एयरपोर्ट
इससे पहले भोपाल हवाई अड्डा फिसलकर 15वें स्थान पर आ गया था। इसके बाद, हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए तुरंत कदम उठाए। पिछले दो मूल्यांकन दौरों में हवाई अड्डे को क्रमश 5 और 4.99 का स्कोर मिला था। इन विकास कार्यों और बेहतर प्रबंधन के परिणामस्वरूप हवाई अड्डे ने अक्टूबर के सर्वेक्षण में फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
साफ-सफाई और कर्मचारियों के व्यवहार से यात्री खुश
ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण के दौरान यात्रियों ने हवाई अड्डे की साफ-सफाई, कर्मचारियों के व्यवहार, स्पष्ट साइन बोर्ड और किफायती दरों पर खाने-पीने की चीजों की उपलब्धता की तारीफ की। यात्रियों से मिली इसी सकारात्मक प्रतिक्रिया के आधार पर भोपाल हवाई अड्डे को देश का सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डा माना गया है।
Read Also: जबलपुर में मां ने 10 साल की बेटी के साथ की आत्महत्या, पति पर गंभीर आरोप





