MP News: BJP विधायक का वीडियो वायरल, जिला पंचायत चुनाव में 10 सदस्यों को खरीदने के दावे से मचा सियासी बवाल

MP News: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिससे राज्य में राजनीतिक हलचल मच गई है। वीडियो में विधायक एक मंच पर खड़े होकर हंसते हुए यह स्वीकार करते दिख रहे हैं कि उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष का पद हासिल करने के लिए सदस्यों की खरीद फरोख्त की थी जिसे राजनीतिक भाषा में हॉर्स ट्रेडिंग कहा जाता है। उनके इस चौंकाने वाले खुलासे ने विपक्षी दलों को भाजपा सरकार और उसके तौर तरीकों पर हमला करने के लिए एक बड़ा हथियार दे दिया है।
18 में से 10 जिला पंचायत सदस्यों को खरीदा गया
वायरल वीडियो में पुरानी बातों को याद करते हुए विधायक गोपाल सिंह मंच से खुलेआम स्वीकार करते हैं कि जब वे जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे थे तो बहुमत हासिल करने के लिए उन्होंने सदस्यों को खरीदा था। गौरतलब है कि गोपाल सिंह पहले भी जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं लेकिन विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने यह पद छोड़ दिया था। सदस्यों की खरीद फरोख्त को लेकर उनके इस कबूलनामे ने राजनीतिक गलियारों में भारी हंगामा खड़ा कर दिया है। सत्ताधारी दल के एक विधायक के इस बयान ने भाजपा को बेहद शर्मनाक स्थिति में डाल दिया है।
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
विधायक के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सीहोर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने आरोप लगाया कि 10 वोट खरीदकर जिला पंचायत अध्यक्ष का पद हासिल करना असल में लोकतंत्र का चीरहरण है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भाजपा पैसे और ताकत के दम पर वोट खरीद रही है। गुजराती ने कहा कि अगर शिवराज सिंह चौहान के अपने गृह जिले में ऐसे हालात हैं तो बाकी जिलों के हालात का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
आष्टा के एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है वीडियो
बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो आष्टा विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्ड किया गया था और यह लगभग छह दिन पुराना है।





