Khandwa News: 19 वर्षीय ITI छात्र की मौत, इंस्टाग्राम बायो में पहले से लिखी थी मृत्यु की तारीख

Khandwa News: खंडवा कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नर्मदापुरम कॉलोनी में बुधवार रात 19 वर्षीय ITI छात्र आदेश कनाड़े का शव फंदे से लटका मिला। घटना से कुछ समय पहले ही छात्र ने सोशल मीडिया पर मौत से जुड़ा एक संदेश साझा किया था। इतना ही नहीं उसके सोशल मीडिया बायो में उसकी जन्म तिथि के साथ मृत्यु की तारीख भी लिखी हुई थी।
कमरे का दरवाजा बंद होने पर हुआ शक
जानकारी के अनुसार, आदेश कनाड़े नर्मदापुरम कॉलोनी में एक किराए के मकान में रहता था। वह अपने मामा के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बुधवार शाम को जब छात्र के कमरे का दरवाजा काफी देर तक बंद रहा तो मकान मालिक को शक हुआ। खिड़की से झांकने पर उसने छात्र को फंदे से लटका हुआ पाया।
उसने तुरंत छात्र के परिवार वालों और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली थाने की टीम मौके पर पहुंची जांच शुरू की और शव को नीचे उतारा। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Read Also: Singrauli News: सिंगरौली में ऑटो चालक की पिट-पीटकर हत्या, किराए के विवाद में लाठी-डंडों से हमला
मौत से पहले सोशल मीडिया पर साझा किया था संदेश
मृतक छात्र सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था। घटना से कुछ समय पहले ही उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट डाली थी जिसमें उसने मौत को परम सत्य और अनंत बताया था। उसने अपने सोशल मीडिया बायो में अपनी जन्म तिथि और मृत्यु की तारीख दोनों लिख रखी थीं। इसके अलावा उसके अकाउंट पर दिल टूटने या ब्रेकअप से जुड़ी कई रील्स थीं जिसे 50,000 से ज्यादा बार देखा गया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसके बायो में मृत्यु की तारीख कब जोड़ी गई थी।
ब्रेकअप के बाद मानसिक रूप से परेशान होने की बात
मृतक के एक चचेरे भाई के अनुसार आदेश एक युवती के साथ रिलेशनशिप में था और हाल ही में उनका ब्रेकअप हो गया था। तब से वह मानसिक रूप से काफी परेशान था। चचेरे भाई ने बताया कि परिवार में कोई विवाद या तनाव नहीं था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस फिलहाल परिवार के सदस्यों, दोस्तों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। आत्महत्या के असली कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है जिसमें मृतक की सोशल मीडिया गतिविधियां भी शामिल हैं।





