Seoni Road Accident: बाइक-टैंकर की टक्कर में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

Seoni Road Accident: लखनादौन-नरसिंहपुर रोड नेशनल हाईवे 44 पर कुरमुंडा नाले के पास सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजा गया है।
टैंकर से टकराई बाइक, दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम
यह हादसा अदेगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुरमुंडा नाले के पास हुआ जब बाइक पानी के टैंकर से टकरा गई। बाइक पर सवार तीनों युवक मुंगवानी के घाघरा गांव में आयोजित मड़ाई से लौट रहे थे। शेर नदी पर बांध निर्माण कार्य में लगी एक निजी कंपनी का पानी का टैंकर जब हाईवे पर आने के लिया मुड़ा तभी पीछे से आ रही बाइक उससे टकरा गई।
Read Also: छिंदवाड़ा में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार ने दो मासूम भाइयों की ली जान
दो युवकों की मौत, तीसरे की हालत गंभीर
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार खैरेशिकारा (लखनादौन) निवासी युवक 25 वर्षीय अर्जुन पिता राजकुमार वलावी और 20 वर्षीय रामकुमार पिता हेमराज उइके की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे सवार कलकुही निवासी 22 वर्षीय संदीप पिता कोमल उइके निवासी को गंभीर चोटें आईं। उसे पहले लखनादौन सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया।
टैंकर जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
अदेगांव थाने के SHO आशीष धुर्वे ने पुष्टि की कि हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है और तीसरे का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से पानी का टैंकर जब्त कर लिया है। हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस फिलहाल घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

One Comment