MP School Uniform Scheme: 55 लाख छात्रों के खातों में आएंगे 600 रुपये, CM मोहन यादव करेंगे ट्रांसफर

MP School Uniform Scheme: मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लगभग 55 लाख छात्रों के लिए अच्छी खबर है। स्कूल यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाली राशि कल यानी सोमवार को उनके बैंक खातों में आ जाएगी, जिसका छात्र लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
भोपाल के सरकारी स्कूल से होगा राशि का ट्रांसफर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भोपाल के टीटी नगर स्थित जवाहर चौक के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान एक क्लिक से यह राशि सीधे छात्रों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे।
कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को मिलेंगे 600 रुपये
स्कूल शिक्षा विभाग की इस महत्वपूर्ण पहल के तहत कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को आर्थिक सहायता दी जाती है। हर पात्र छात्र को स्कूल यूनिफॉर्म के दो सेट खरीदने के लिए सीधे उनके बैंक खाते में 600 रुपये मिलेंगे। राज्य के सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले छात्र इस मुफ्त यूनिफॉर्म योजना के लाभार्थी हैं। राज्य सरकार इस पूरी योजना पर हर साल लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च करती है।
प्रोफाइल अपडेट नहीं होने से हुई थी देरी
गौरतलब है कि राज्य में लाखों छात्र और उनके अभिभावक लंबे समय से यूनिफॉर्म की इस राशि का इंतजार कर रहे थे। विभाग के अनुसार, वितरण में देरी इसलिए हुई क्योंकि छात्रों की प्रोफाइल अपडेट करने की प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो पाई थी। अब जब यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल एक क्लिक के जरिए राज्य भर के 55 लाख छात्रों को यह लाभ पहुंचाएंगे।
Read Also: Singrauli Accident: तेज रफ्तार आयशर ट्रक की टक्कर से NCL कर्मचारी की मौत, लोगों ने किया चक्काजाम





