Dhar Mine Survey Attack: धार जिले में बवाल अधिकारियों पर जानलेवा हमला, मौके से भागे पुलिसकर्मी
Dhar Mine Survey Attack: मध्य प्रदेश के धार जिले में चूना पत्थर खदान के सर्वे को लेकर जमकर बवाल हुआ, ग्रामीणों ने पत्थर और पारंपरिक हथियारों से अधिकारी और पुलिस कर्मियों पर हमला किया

Dhar Mine Survey Attack: मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी क्षेत्र में प्रस्तावित चूना पत्थर खदान के सर्वे को लेकर शुक्रवार को हालात अचानक उग्र हो गए, खनिज और राजस्व विभाग की टीम जब ड्रिलिंग मशीनों के साथ सर्वे के लिए ग्राम टकारी पहुंची, तो सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण विरोध करने लगे. देखते ही देखते स्थिति उग्र हो गई और प्रशासनिक टीम को सर्वे अधूरा छोड़कर मौके से भागना पड़ा.
प्रशासन को पहले से ही आशंका थी कि ग्रामीण इसका विरोध कर सकते हैं जिसके लिए पहले से ही 9 थानों का पुलिस बल तैनात किया गया था लेकिन इसके बावजूद भी ग्रामीणों का आक्रोश इतना अधिक बढ़ गया कि पुलिस की मौजूदगी में ही पथराव शुरू हो गया. भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ियों और मशीनों को निशाना बनाया, जिससे कई सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.
ALSO REDA: Mauganj News: कातिल पत्नी के दूसरे साथी को मऊगंज पुलिस ने दिल्ली से किया गिरफ्तार
तहसीलदार की गाड़ी को घेरा, पलटाने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब अधिकारी खेतों में ड्रिलिंग की तैयारी कर रहे थे, तभी बड़ी संख्या में महिला और पुरुष लाठी-डंडों और पारंपरिक हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए, उन्होंने पहले सड़क पर बैठकर रास्ता रोका फिर माहौल उग्र हो गया.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ ने तहसीलदार की गाड़ी को चारों ओर से घेर लिया और उसे पलटाने की कोशिश की, उस समय तहसीलदार वाहन के अंदर ही मौजूद थे, पथराव के दौरान पुलिस और प्रशासन की कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा, हालात बेकाबू होते देख टीम को पीछे हटना पड़ा.
क्यों हो रहा है विरोध?
ग्रामीणों का विरोध कई महीनों से जारी है, उनका कहना है कि चूना पत्थर खनन और संभावित सीमेंट फैक्ट्री से उनकी उपजाऊ जमीन बर्बाद हो जाएगी और किसान सड़क पर आ जाएंगे, जिसके लिए ग्रामीण काफी समय से आवाज उठा रहे थे. यह विरोध केवल टकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि कुक्षी, बाग और जोबट ब्लॉक के कई गांवों में फैल चुका है.
इस वजह से चिंतित है ग्रामीण –
-
खनन से कृषि भूमि बंजर होने का खतरा.
-
फैक्ट्री से प्रदूषण फैलने की आशंका
-
गांवों से संभावित विस्थापन
कंपनी को मिली है लीज
खनिज विभाग के अनुसार राजस्थान की श्री सीमेंट कंपनी को मार्च 2025 से बामनबयड़ी, टकारी, तलावड़ी और घोड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों हेक्टेयर भूमि तीन साल की लीज पर चूना पत्थर खनन के लिए आवंटित की गई है, लेकिन जब से आवंटन हुआ है तब से ही ग्रामीण इस लीज को रद्द करने की मांग कर रहे हैं.
ALSO REDA: MP Lokayukta action: 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ाया पटवारी, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने रोका सर्वे – Dhar Mine Survey Attack
पथराव और बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संयम बरतते हुए सर्वे रोक दिया है, वर्तमान में पूरे कुक्षी क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश की जा रही है, घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है.





