Singrauli News: सिंगरौली में ऑटो चालक की पिट-पीटकर हत्या, किराए के विवाद में लाठी-डंडों से हमला

Singrauli News: सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरौधा गांव में एक हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि 3 नवंबर को जब कृष्ण कुमार सिंह नाम का एक ऑटो-रिक्शा चालक मजदूरों को अपनी गाड़ी में ले जा रहा था तब कोमल चंद्र गुप्ता, पुष्पेंद्र गुप्ता और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे रोक लिया। उन्होंने कृष्ण कुमार पर बेरहमी से हमला कर दिया।
जिला अस्पताल से रेवा और फिर जबलपुर किया गया रेफर
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें रीवा जिले के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाद में उसे जबलपुर के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस झड़प के दौरान पीड़ित के चाचा मनकेश्वर सिंह, और साथ ही प्रवीण सिंह व शिवम सिंह भी घायल हो गए।
Read Also: मां ने डेढ़ साल के बेटे की गला घोंटकर की हत्या, खुद लगाई फांसी, 6 महीने की बेटी गंभीर
ऑटो के किराए को लेकर लम्बे समय से चल रहा था विवाद
रिपोर्ट्स के मुताबिक कृष्ण कुमार और कोमल व पुष्पेंद्र के गुट के बीच ऑटो-रिक्शा के किराए को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कृष्ण कुमार कम किराया लेते थे जिस वजह से मजदूर और अन्य यात्री उनकी गाड़ी में बैठना पसंद करते थे। इसी बात से कोमल, पुष्पेंद्र और उनके साथी नाराज थे। घटना के दिन कोमल और पुष्पेंद्र ने कृष्ण कुमार को अपने घर के पास रोका उनके साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। जब कृष्ण कुमार के परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की गिरफ्तार की मांग
इस बीच कुंदवार पुलिस चौकी के रामजी त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों में से दो कोमल चंद्र गुप्ता और पुष्पेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित परिवार ने बाकी संदिग्धों की गिरफ्तारी की मांग की है।
थाने के सामने शव रखकर किया प्रदर्शन
जबलपुर में मौत के बाद, उसके शव को वापस गांव लाया गया। नाराज और गुस्से में आए परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात पुलिस थाने के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और परिजनों ने सड़क से शव हटा लिया।





