Gwalior Gang Rape Case: कोचिंग से लौट रही 13 साल की बच्ची से गैंगरेप, दो आरोपी फरार

Gwalior Gang Rape Case: ग्वालियर शहर के बहोदापुर इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। आरोप है कि आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 साल की एक बच्ची के साथ दो युवकों ने गैंगरेप किया। शिकायत के अनुसार जब बच्ची अपनी कोचिंग क्लास से घर लौट रही थी तब दो युवकों ने उसे जबरदस्ती स्कूटर पर बैठाया और एक दरगाह के पास बने खाली बेसमेंट में ले गए। वहां उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब बच्ची ने विरोध किया और चिल्लाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
कोचिंग से लौटते समय किया अगवा
बताया जा रहा है कि यह घटना 14 नवंबर को दोपहर करीब 1:45 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक इमरान और आर्यन नाम के दो युवकों ने कोचिंग से घर लौट रही बच्ची को जबरदस्ती स्कूटर पर बैठा लिया। दोनों उसे दरगाह के पास एक खाली बेसमेंट में ले गए और इस वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बच्ची को पीटा गया। इसके अलावा आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया तो वे उसे समाज में बदनाम कर देंगे।
Read Also: Shahdol News: शहडोल में मिड-डे मील खाने से 15 से ज्यादा बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती
मां के आने की भनक लगते ही बच्ची को छोड़ा
बाद में जब आरोपियों को लगा कि बच्ची की मां उस इलाके में आ रही है तो दोनों उसे सड़क पर छोड़कर भाग गए। शाम को अपनी बेटी को ढूंढ रही मां को वह मिल गई। बेटी को रोते हुए देखकर उन्होंने पूछा कि क्या हुआ है जिसके बाद बच्ची ने उन्हें पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिवार वाले बच्ची को बहोदापुर थाने ले गए और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया है। शनिवार रात को इमरान और आर्यन के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें अपहरण, मारपीट, गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट की धाराएं शामिल हैं। थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार हैं और उन्हें पकड़ने के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
Read Also: Sagar News: सागर में शराब पीने के बाद एक की मौत, दूसरा गंभीर, सरकारी दुकान सील





