MP Rajya Sabha Election: हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित, BJP ने हासिल की बड़ी सफलता

MP Rajya Sabha Election: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश की एक खाली सीट से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुन लिया गया है। गुरुवार को नामांकन वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें औपचारिक रूप से निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। चूंकि वे एकमात्र वैध उम्मीदवार थे इसलिए उन्हें बिना किसी मुकाबले के विजेता घोषित किया गया।
नामांकन वापसी की समय सीमा खत्म होते ही हुई घोषणा
मध्य प्रदेश विधानसभा में राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन वापस लेने का गुरुवार को आखिरी दिन था। समय सीमा समाप्त होने के बाद कोई अन्य उम्मीदवार न बचने पर हरदीप सिंह पुरी को आधिकारिक तौर पर विजेता घोषित कर दिया गया। उनकी ओर से हेमंत खंडेलवाल ने प्रमाण पत्र प्राप्त किया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की अनुपस्थिति में BJP के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल विधानसभा पहुंचे और निर्वाचन अधिकारी से निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन खारिज
गौरतलब है कि इस राज्यसभा सीट के लिए निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी ने भी नामांकन दाखिल किया था। उन्हें कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था। तकनीकी खामियों के कारण उनका नामांकन खारिज कर दिया गया। जांच प्रक्रिया के दौरान पाया गया कि नामांकन में अनिवार्य जानकारी जो फॉर्म 26 में आवश्यक होती है वो नहीं थी और उसमें कुछ अन्य तकनीकी कमियां होने के चलते निर्दलीय प्रत्याशी फॉर्म रद्द कर दिया गया।
भाजपा नेताओं ने दी बधाई
निर्दलीय उम्मीदवार का नामांकन खारिज होने के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी एकमात्र वैध उम्मीदवार रह गए जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया। मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए उनके निर्विरोध चुने जाने पर BJP की प्रदेश इकाई और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हरदीप सिंह पुरी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।





