Mauganj News: मुन्द्रिका त्रिपाठी सहित उनके 6 बेटों और पटवारी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज.!
अभिलेखों से छेड़छाड़ करने के मामले में राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट पर मुन्द्रिका त्रिपाठी सहित उनके 6 बेटों और हल्का पटवारी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

Mauganj News: मऊगंज जिले में अपने धरना प्रदर्शन और आंदोलन के चलते चर्चा में आए मुन्द्रिका प्रसाद त्रिपाठी की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं, मऊगंज जनपद कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन के कारण पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था, लेकिन जेल से बाहर आते ही अब एक और नए मामले ने मुन्द्रिका त्रिपाठी को मुश्किल में डाल दिया है. अब मुन्द्रिका त्रिपाठी सहित उनके 6 बेटों और तत्कालीन हल्का पटवारी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है.
यह पूरा मामला अभिलेख से छेड़छाड़ कर राजस्व अभिलेखों में संशोधन करने से जुड़ा हुआ है, जिस पर मऊगंज के संयुक्त कलेक्टर ने एसडीएम मऊगंज को निर्देशित किया था की तत्कालीन निलंबित हल्का पटवारी ऊधौपुर्वा हीरालाल कोल एवं आवेदक मुद्रिका प्रसाद त्रिपाठी के विरूद्ध अभिलेखों से छेड़छाड़ कर फर्जी रूप से राजस्व अभिलेख संशोधन करने पर पुलिस में एफआईआर दर्ज कराकर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें.
ALSO READ: Mauganj News: मऊगंज जिला जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित, कलेक्टर ने बोरिंग पर लगाया प्रतिबंध
यह है पूरा मामला
तहसीलदार मऊगंज के प्रतिवेदन अनुसार वादित भूमियों के खसरा में दर्ज प्रविष्ठि अविधिक होने से प्रकरण में पुर्नअवलोकन की अनुमति चाही गई थी, जिसका परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही की गई, आवेदक मुन्द्रिका प्रसाद त्रिपाठी वगैरह निवासी ग्राम उधौपुर्वा द्वारा तहसीलदार, मऊगंज के न्यायालय में मौजा ग्राम उधौपुर्वा, पटवारी हल्का उधौपुर्वा की आराजी कुल 10 किता आराजियों का वारिसाना नामान्तरण हेतु आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया था.
जिसमें तहसीलदार मऊगंज ने सरोज व सरोजनी में भिन्नता होने से वारिसाना नामान्तरण आवेदन पत्र खारिज कर दिया था, किन्तु मुन्द्रिका प्रसाद त्रिपाठी द्वारा तत्कालीन हल्का पटवारी, हीरालाल कोल से सांठगांठ / मिलीभगत कर उक्त प्रकरण क्रमांक का हवाला देकर खसरे में धनंजय त्रिपाठी व उनके भाई तथा उनके पिता मुन्द्रिका प्रसाद त्रिपाठी के नाम खसरे में अविधिक प्रविष्टि अंकित कर दी गई तथा मृतक सरोज की पुत्रियां हेमा, रेखा व विंध्या का नाम खसरे में दर्ज नहीं किया.
साथ ही मृतक रामाधार पिता द्वारिका प्रसाद की पत्नी पार्वती वेवा रामाधार का नाम विलोपित कर दिया, जबकि पार्वती वर्तमान में जीवित है, वारिसान नामान्तरण का प्रकरण खारिज होने के बाद भी तत्कालीन हल्का पटवारी, हीरालाल कोल द्वारा उसी प्रकरण क्रमांक के आधार पर अभिलेख अद्यतन किये जाने से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभाग मऊगंज द्वारा निलंबित किया गया है.
मुन्द्रिका त्रिपाठी और पटवारी पर दर्ज हुआ धोखाधड़ी का मामला
अभिलेखों से छेड़छाड़ करने के मामले में राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा की रिपोर्ट पर पुलिस थाना मऊगंज में मुन्द्रिका त्रिपाठी उनके बेटे क्रमशः संदीप त्रिपाठी, राजीव त्रिपाठी, प्रदीप त्रिपाठी, धनंजय त्रिपाठी, पंचदेव त्रिपाठी अमरदीप त्रिपाठी सहित तत्कालीन निलंबित उधौपुर्वा हल्का पटवारी हीरालाल कोल पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है.





