Narsinghpur News: नरसिंहपुर के सरकारी स्कूल में मिड डे मील खाने से 45 बच्चे बीमार, जिला अस्पताल में भर्ती

Narsinghpur News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में छात्रों के बीच फूड पॉइजनिंग की घटना से हड़कंप मच गया है। यह घटना नरसिंहपुर के समनापुर प्राथमिक विद्यालय में हुई जहां 45 छात्रों ने मिड डे मील खाया। जिनमें प्राथमिक शाला के 8 और माध्यमिक शाला के 37 छात्र शामिल है। आरोप है कि ये पूरियां उस आटे से बनाई गई थीं, जिसे दो दिन पहले तैयार किया गया था और गांव के किसी कार्यक्रम से लाया गया था। इसके बाद उनमें से कई छात्रों को फूड पॉइजनिंग हो गई और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
कलेक्टर और एसपी पहुंचे अस्पताल, समूह को हटाने के निर्देश
जब बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी तो सभी 45 छात्रों को तुरंत नरसिंहपुर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां फिलहाल मेडिकल स्टाफ की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नरसिंहपुर की कलेक्टर रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा जिला अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने बीमार बच्चों का हाल जाना और मेडिकल टीम को सख्त निर्देश दिए कि बच्चों को जल्द से जल्द बेहतरीन इलाज मुहैया कराया जाए। इस बीच कलेक्टर ने एकता स्वयं सहायता समूह को तुरंत हटाने का आदेश दिया है जो समनापुर सरकारी स्कूल में खाना तैयार करने के लिए जिम्मेदार था। बताया जा रहा है कि अब बच्चे खतरे से बाहर हैं।
Read Also: Chhindwara Lokayukta Raid: छिंदवाड़ा में लोकायुक्त का छापा, 4 हजार की रिश्वत लेते कर्मचारी गिरफ्तार