सीधी में दर्दनाक सड़क हादसा, नई पल्सर बाइक गड्ढे में गिरी; दो युवकों की मौत

Sidhi News: सीधी में एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना रात करीब 11 बजे मड़वास थाना क्षेत्र के हिनौता गांव के पास हुई। बाइक से जाते समय वाहन अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में गिर गया। बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि ये तीनों युवक महुआ गांव के रहने वाले थे। वे धनतेरस के मौके पर खरीदी गई नई पल्सर बाइक से सीधी से अपने घर लौट रहे थे। घर लौटते समय यह हादसा हो गया। नई गाड़ी मिलने की खुशी पल भर में मातम में बदल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को सीधी से रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
नई बाइक से लौट रहे थे तीनों युवक
मिली जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय मनोज सिंह, 21 वर्षीय कृष्ण देव सिंह और 21 वर्षीय बृज सिंह तीनों युवक बाइक से अपने गांव वापस जा रहे थे। हिनौता गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में गिर गई। कृष्ण और मनोज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बृज गंभीर रूप से घायल हो गया।
Read Also: Jabalpur News: जबलपुर में भीषण अग्निकांड, 50 झुग्गियां जलकर राख; 350 परिवारों में मची भगदड़
घायल युवक के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर
बताया जा रहा है कि घायल युवक के पैर में तीन जगहों पर फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद वह बेहोश हो गया और कुछ बोल नहीं पा रहा था। उसे पहले मड़वास अस्पताल और फिर सीधी जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलने पर मड़वास थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। SHO भूपेश बैस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। तीनों युवकों को गड्ढे से बाहर निकाला गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल युवक को इलाज के लिए रीवा भेज दिया गया है।

