Dhar News: पीथमपुर में दर्दनाक हादसा, दो भाइयों और मौसेरी बहन की मौत; स्कूल से लौटते वक्त हुआ हादसा

Dhar News: मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर में गुरुवार को महू-नीमच हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई। वे सेंट फ्रांसिस स्कूल से छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे तभी महेंद्र ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार ट्राले ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला और शवों को पीथमपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया।
छोटे भाई और मौसेरी बहन को लेने स्कूल पहुंचा था प्रियांश
सेक्टर-1 पुलिस के अनुसार, तीनों बच्चे उत्कर्ष आंगन कॉलोनी के रहने वाले थे। नौवीं कक्षा का छात्र प्रियांशु उस दिन स्कूल नहीं गया था। वह दोपहर में सेंट फ्रांसिस स्कूल से अपने छोटे भाई मोक्ष को लेने गया था। मोक्ष पांचवीं कक्षा में पढ़ता था, उनके साथ उनकी मौसेरी बहन आरुषि भी थी, जो सातवीं कक्षा में पढ़ती थी।
जब प्रियांशु उन्हें बाइक क्रमांक MP 40 ML 4037 से घर ले जा रहा था तभी एक तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रियांशु, मोक्ष और आरुषि तीनों की जान चली गई।
टक्कर के बाद सड़क पर बिखर गईं किताबें और स्कूल बैग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेलर मोटरसाइकिल और बच्चों को लगभग 10 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसा इतना भयानक था कि बच्चों के शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। उनके बस्ते से स्कूल की किताबें सड़क पर बिखर गईं, और उनके जूते व बैग अलग-अलग जगहों पर पड़े मिले। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तीनों बच्चों की चोटों के कारण मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। स्थिति को संभालने के लिए सेक्टर-1 पुलिस थाने की एक टीम तुरंत वहां पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालात को काबू करते हुए शवों को अपने कब्जे में लिया और जरूरी कागजी कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
साथ ही, शिनाख्त कर उनके परिवारों को इस दुखद घटना के बारे में तुरंत सूचित कर दिया गया है। इस दिल दहला देने वाली घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है और पूरा शहर शोक में डूब गया है। पुलिस ने ट्रेलर ट्रक के ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Read Also: Jabalpur News: मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से 3 युवकों की मौत





