बालाघाट में 20 वर्षीय कॉलेज छात्र ने की आत्महत्या, मौत से पहले दोस्त को किया वीडियो कॉल

Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट में एक दुखद घटना सामने आई है जहां कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जगपुर में 20 वर्षीय एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि यह कदम उठाने से ठीक पहले युवक ने अपने एक दोस्त को वीडियो कॉल करके उसे अपने फैसले के बारे में बताया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह मामला किसी प्रेम संबंध से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
सरदार पटेल कॉलेज में पढ़ता था मृतक
मृतक अरुण थावरे (20) बिरसा वार्ड नंबर 25 का रहने वाला था और बालाघाट के सरदार पटेल कॉलेज में दूसरे वर्ष का छात्र था। घटना से पहले अरुण ने फोन और वीडियो कॉल के जरिए अपने एक दोस्त से संपर्क किया और उसे बताया कि वह अपनी जान देने जा रहा है। इससे पहले कि दोस्त स्थिति को समझ पाता या मौके पर पहुंच पाता युवक ने अपनी जान दे दी।
पुलिस ने मोबाइल फोन किया जब्त
सूचना मिलने पर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतक का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। मृतक के परिवार और दोस्त गहरे सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सटीक कारणों और परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
Read Also: Panna में ऑटो चालक की चमकी किस्मत, 15 दिन की खुदाई में मिला 15 लाख का हीरा





