MP Road Accident: भोपाल से खाटू श्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं की मिनीबस कोटा में हादसे का शिकार, 8 की मौत

MP Road Accident: शनिवार सुबह राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल से खाटू श्यामजी जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक मिनीबस का संतुलन बिगड़ गया जिससे वह एक नाले पर बने पुल से टकराई और लगभग 15 फीट नीचे जा गिरी। इस हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 15 से अधिक घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से गंभीर हालत वाले लोगों को ICU में रखा गया है। यह घटना शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में हुई। बस में 25 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद मौके पर मदद के लिए लोगों की चीख-पुकार सुनाई दी। स्थानीय निवासियों और वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
पुल से टकराने के बाद मिनीबस 15 फीट नीचे गिरी
मिली जानकारी के अनुसार मिनीबस में सवार श्रद्धालु भोपाल से खाटू श्यामजी जा रहे थे। शनिवार सुबह कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में आठ लेन वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान बस का अचानक संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस नाले पर बने एक पुल से टकरा गई और लगभग 15 फीट नीचे जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय निवासी और वहां से गुजर रहे लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए एक क्रेन मंगवाई गई। नाले में कीचड़ और पानी होने के कारण बचाव कार्य काफी मुश्किल हो गया था। पुलिस मौके पर पहुंची एम्बुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लिया।
श्रद्धालु भोपाल से खाटू श्यामजी जा रहे थे
कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा ने पुष्टि की कि इस हादसे में लगभग आठ लोगों की मौत हो गई है और 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि भोपाल के लोगों का एक समूह मिनीबस से खाटू श्यामजी जा रहा था। हालांकि यात्री अलग-अलग परिवारों से थे लेकिन वे सभी एक-दूसरे को जानते थे। यात्रा का आयोजन करने वाला व्यक्ति भी उसी गाड़ी में सवार था। हादसे में वह घायल हो गया और फिलहाल कोटा मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है।
ड्राइवर को नींद आने की वजह से हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच से पता चलता है कि गाड़ी चलाते समय ड्राइवर को शायद नींद आ गई थी। माना जा रहा है कि रात के समय ड्राइवर को झपकी आ गई। जिससे मिनीबस बेकाबू होकर पुल से नीचे गिर गई। हालांकि हादसे के असली कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।






One Comment