Dhar Lokayukta Raid: धार में लोकायुक्त का बड़ा छापा, सहकारी समिति प्रबंधक के पास मिली 2.41 करोड़ की संपत्ति!

Dhar Lokayukta Raid: इंदौर लोकायुक्त टीम ने मध्य प्रदेश के धार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया है। बुधवार तड़के लोकायुक्त पुलिस ने नालछा स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर से जुड़ी कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की। आरोप है कि अपने 20 साल के करियर के दौरान उन्होंने अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति जमा कर ली है, जिसमें आलीशान घर और गाड़ियां शामिल हैं। शुरुआती जांच से पता चलता है कि उनकी यह बेहिसाब संपत्ति उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से 271 प्रतिशत से भी अधिक है।
3 गावों में एक साथ पहुची लोकायुक्त की टीमें
लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और एसपी राजेश सहाय की देखरेख में, लोकायुक्त पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों ने धार जिले के सोडपुर, नालछा और मांडव गांवों में एक साथ छापेमारी की। इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी आनंद चौहान कर रहे हैं और उनके साथ टीआई आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया शामिल हैं। फिलहाल ये टीमें बैंक खातों, बैंक लॉकर्स और जमीन के मूल दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं।
65 लाख रुपये की कमाई, 2.41 करोड़ से ज्यादा का निवेश
आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी प्रबंधक शेर सिंह ठाकुर लगभग 20 वर्षों से नौकरी कर रहे हैं इस दौरान उनकी कुल वेतन लगभग 65 लाख रुपये रही है। हालांकि उन्होंने विभिन्न संपत्तियां और गाड़ियां खरीदने में 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये से अधिक खर्च किए और निवेश किए हैं यह रकम उनकी वैध आय से 271 प्रतिशत से भी ज्यादा है।
Read Also: MP Rajya Sabha Election: हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध निर्वाचित, कांग्रेस की आपत्ति खारिज
आलिशान मकान से लेकर JCB और लग्जरी गाड़ियों तक का पता चला
सोदपुर गांव में 2,400 वर्ग फुट में बना एक बड़ा दो मंजिला घर जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 97 लाख रुपये है। नालछा में मांडव रोड तिराहे पर स्थित 1,350 वर्ग फुट की एक कमर्शियल बिल्डिंग अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। मांडव गांव में उनकी पत्नी के नाम पर 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि जिसकी अनुमानित कीमत 42 लाख रुपये दर्ज है। इसके अलावा सोदपुर में भी 0.645 हेक्टेयर कृषि भूमि जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये है। इन संपत्तियों में एक जेसीबी मशीन, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा टीयूवी, ऑल्टो कार, रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल और खेती के कई आधुनिक उपकरण भी शामिल हैं इन सबकी कुल कीमत लगभग ₹53 लाख है।
2.5 करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकती है सम्पति
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार जैसे-जैसे तलाशी अभियान और दस्तावेजों की जांच आगे बढ़ेगी इन अघोषित संपत्तियों की कुल कीमत 2.5 करोड़ रुपये से भी अधिक हो सकती है। ऐसी ही कई अन्य संपत्तियों के बारे में भी सुराग मिले हैं और फिलहाल कई ट्रैक्टरों व ट्रॉलियों के मालिकाना हक की जांच की जा रही है। कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(b) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।






2 Comments