Anuppur Crime News: डेढ़ साल से लावारिस खड़े ऑटो में मिली युवक की लाश, गर्दन पर निशान से हत्या का शक

Anuppur Crime News: अनूपपुर चचई मुख्य मार्ग पर जिला मुख्यालय के पास और सामतपुर तालाब के बगल में शनिवार को एक लावारिस ऑटो रिक्शा के अंदर 33 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव ऑटो की अगली सीट पर औंधे मुंह पड़ा हुआ था। मृतक चंदन राठौर पिता स्वर्गीय प्रदीप राठौर के रूप में हुई। मृतक चंदन राठौर पल्लेदारी का काम करता था। उनके परिवार को हत्या का संदेह है। उनका कहना है कि मृतक की गर्दन पर तार जैसा निशान है और उसका चेहरा नीला पड़ गया था।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची शव की प्रारंभिक जांच की और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
ऑटो की अगली सीट पर मिला शव, परिजनों ने जताया संदेह
मृतक के बड़े भाई दीपक राठौर ने बताया कि परिवार को शनिवार सुबह करीब 10 बजे इस घटना के बारे में पता चला। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि चंदन ऑटो रिक्शा की अगली सीट पर औंधे मुंह पड़ा है। उसकी गर्दन पर तार जैसा एक पतला निशान था चेहरा नीला पड़ गया था और मुंह से खून निकल रहा था। गर्दन पर मौजूद निशान को देखते हुए परिवार को शक है कि या तो उसकी हत्या कहीं और करके शव को ऑटो रिक्शा में रखा गया या फिर उसकी हत्या ऑटो के अंदर ही कर दी गई।
Read Also: Jabalpur News: जबलपुर में 4.34 करोड़ का गांजा जब्त, पेंट के ड्रमों में छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर
रातभर घर नहीं लौटा था चंदन
परिजनों के अनुसार चंदन तीन भाइयों में सबसे छोटा था और पल्लेदारी का काम करता था। वह पिछली रात काम से घर नहीं लौटा था। परिवार वालों ने बताया कि चंदन अक्सर देर रात तक बाहर रहता था और कभी कभी रात कहीं और बिता देता था इसलिए उस रात उसके घर न लौटने पर उन्हें कोई खास चिंता नहीं हुई। मृतक के भाई ने यह भी बताया कि उसी सुबह एक चाचा उसी रास्ते से गुजरे थे लेकिन वे ऑटो-रिक्शा के अंदर मौजूद व्यक्ति को पहचान नहीं पाए। वह खुद भी दो तीन बार उस जगह से गुजरा था लेकिन उसे भनक तक नहीं लगी कि गाड़ी के अंदर उसके भाई का शव पड़ा है।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज, साथियों की तलाश जारी
स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस ऑटो रिक्शा में शव मिला वह करीब डेढ़ साल से वहां लावारिस हालत में पड़ा था और क्षतिग्रस्त हो गया था। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली है कि मौत से एक रात पहले वह युवक कुछ अन्य युवाओं के साथ था। SHO उमेश उपाध्याय ने बताया कि उस रात मृतक के साथ मौजूद लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। विस्तृत जांच के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
Read Also: Dhar Crime News: दुकान की जगह को लेकर खूनी विवाद, चाचा ने कुल्हाड़ी से भतीजे की हत्या





