Dhar Crime News: दुकान की जगह को लेकर खूनी विवाद, चाचा ने कुल्हाड़ी से भतीजे की हत्या

Dhar Crime News: धार जिले के अमझेरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आमला गांव के बयड़ीपुरा में एक किराने की दुकान की जगह को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से अपने भतीजे की हत्या कर दी। यह घटना देर रात को हुई। मृतक 40 वर्षीय सोहन आमला गांव के निवासी पेमा भूरिया का बेटा था। घटना के बाद आरोपी मृतक का चाचा कालू पिता रामा भूरिया मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने शनिवार सुबह आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया।
दुकान हटाने की बात पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार सोहन अपने घर के बाहर बैठा था तभी उसका चाचा कालू वहां कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा। कालू सोहन के घर के ठीक सामने एक किराने की दुकान चलाता था। दुकान को दूसरी जगह ले जाने को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। सोहन का कहना था कि जिस जमीन पर दुकान बनी है वह उसके पिता पेमा भूरिया की है और उसने कालू से दुकान को अपनी खुद की जमीन पर ले जाने के लिए कहा। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर कालू ने सोहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
Read Also: Bhopal News: करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए रखा व्रत, कुछ घंटे बाद पति-पत्नी की मौत
गुस्से में चाचा ने भतीजे पर किया कुल्हाड़ी से हमला
आरोपी ने सोहन पर कुल्हाड़ी से कई वार किए जिसमें उसने सोहन के गले गर्दन के पिछले हिस्से और पीठ को निशाना बनाया। गर्दन के पिछले हिस्से पर गंभीर चोट लगने के कारण सोहन आंगन में गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय मृतक के पिता पेमा भूरिया आंगन में सिलाई का काम कर रहे थे। उनके साथ भतीजा कैलाश पिता धन्नालाल पाल निवासी आमला गांव मौजूद था। दोनों ने हमला होते देखा और बीच बचाव करने के लिए दौड़े लेकिन आरोपी वहां से भागने में सफल रहा।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित
घटना के बाद पेमा भूरिया केशवी पुलिस चौकी गए और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कालू भूरिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एसपी सचिन शर्मा के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।





