Singrauli News: सिंगरौली में सोते समय ढहा कच्चा मकान, मां-बेटे और एक साल की बच्ची की मौत

Singrauli News: सिंगरौली जिले में सोमवार रात 9 नवंबर को एक दुखद घटना घटी। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरहपान गांव की एक छोटी सी बस्ती जलहथनी टोला में एक परिवार रात का खाना खाने के बाद सो रहा था तभी उन पर एक बड़ी मुसीबत आ पड़ी। उनका कच्चा मकान अचानक ढह गया जिससे परिवार के कई सदस्य मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में अरुण विश्वकर्मा (30), उनकी मां संतुलिया (60) और उनकी एक साल की बेटी की मौत हो गई। चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम ने JCB मशीन की मदद से बचाव कार्य चलाया।
रात में अचानक ढहा कच्चा मकान, मलबे में दबा पूरा परिवार
बताया जा रहा है कि सोमवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे तभी कच्चा मकान अचानक ढह गया और कई लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने JCB मशीन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। रात करीब 1 बजे तक मलबे से शवों को बाहर निकाला गया और घायलों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Read Also: MP Railway News: बेंगलुरु और उधना से बरौनी के लिए विशेष ट्रेनें, जानें पूरा शेड्यूल
दीवार में पहले से थीं दरारें, रातभर आती रही आवाजें
इस हादसे में घायल बेलमती ने बताया कि घर की एक दीवार में पहले से ही दरारें थीं। रात भर उस दीवार से आवाजें आ रही थीं। परिवार के सदस्यों को डर था कि कहीं घर गिर न जाए लेकिन इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते तब तक पूरा मकान ढह गया। बेलमती के अनुसार वह और उनके चार बच्चे मिट्टी और मलबे के नीचे दब गए थे जिन्हें ग्रामीणों ने बाहर निकाला। उनके पति अंदर फंसे अन्य लोगों को देखने गए थे लेकिन वे भी बाहर नहीं निकल पाए। उन्होंने बताया कि उनका एक साल का बच्चा भी मलबे के नीचे दब गया था।
बैढ़न ट्रॉमा सेंटर में घायलों का इलाज
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। SDM ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। मलबे से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित कई लोगों को बाहर निकाला गया है। इस घटना में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्ची की जान चली गई। घायलों को बैढ़न ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है जहाँ उनका इलाज चल रहा है। राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए SDM और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे।
मुख्यमंत्री ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
सिंगरौली के विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिवारों को प्रति व्यक्ति 1 लाख रुपये और घायलों को प्रति व्यक्ति 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।
Read Also: कटनी-सिवनी अग्निकांड: मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये देगी MP सरकार






One Comment