Gwalior News: बंद दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान नरेंद्र रावत के रूप में हुई है, जो नॉन सिमरिया गांव का रहने वाला था। उसका शव वृंदासहाय कॉलेज के पास एक बंद छोले भटूरे की दुकान के अंदर मिला। पास ही उसकी बाइक भी बरामद हुई है। इस घटना से मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं।
सूचना मिलने पर देहात थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह हत्या का मामला है। उन्होंने गांव के रास्ते को लेकर चल रहे पुराने विवाद और पहले हुई गोलीबारी की घटना की ओर इशारा किया है।
पुराने रास्ते के विवाद से जुड़ रहे मौत के तार
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए इस घटना को गांव में चल रहे एक विवाद से जोड़ा है। परिजनों के अनुसार, गांव के रास्ते को लेकर हुआ विवाद 22 नवंबर को गोलीबारी में बदल गया था जिसमें नरेंद्र रावत के भाई भूपेंद्र रावत को गोली लग गई थी। उस घटना के संबंध में भीतरवार थाने में चार ग्रामीणों सामनिवास रावत, साहब सिंह रावत, परबेंद्र रावत और रोहित रावत के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।
परिजनों का दावा है कि इस विवाद के चलते उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। उनका आरोप है कि इन्हीं लोगों ने नरेंद्र रावत की हत्या की और फिर शव को फंदे से लटका दिया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
देहात पुलिस ने सबूत इकट्ठा करने के लिए मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। पुलिस इस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से कर रही है। देहात थाने के SHO साधु गुर्जर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी जिसके बाद ही आगे की जानकारी दी जा सकेगी। इस बीच पुलिस उस छोले-भटूरे की दुकान के मालिक की भी तलाश कर रही है जहां शव मिला था।
Read Also: MP News: कूनो में चीता संरक्षण पर सवाल, पुणे-मुंबई में शिकारियों से मिली चीते की खाल





