उज्जैन-इंदौर रूट पर बड़ा हादसा! मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बस धू-धूकर जली

Ujjain News: उज्जैन से इंदौर जा रही ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की एक यात्री बस मंगलवार दोपहर अचानक आग की चपेट में आ गई। यह घटना दोपहर करीब 12:15 बजे उज्जैन से लगभग 15 किलोमीटर दूर रामबास इलाके में हुई। चलती बस में अचानक आग लगने से उसमें सवार करीब एक दर्जन यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि, यात्रियों ने समझदारी दिखाई और समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचा ली।
आग की लपटों में पूरी बस जलकर खाक
घटना की गंभीरता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही बस आग की लपटों में पूरी तरह घिर चुकी थी। सूचना मिलने के 45 मिनट बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने में उन्हें करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। तब तक, करोड़ों रुपये की कीमत वाली बस जलकर खाक हो चुकी थी और उसका केवल धातु का ढांचा ही बचा था।
पिछला टायर फटने के बाद हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तब हुआ जब बस का पिछला टायर अचानक फट गया। टायर फटने से तेज रफ्तार बस का संतुलन बिगड़ गया और घर्षण के कारण धुआं निकलने लगा। ड्राइवर के नियंत्रण पाने से पहले ही आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कोई प्रभावी कदम उठाने का मौका ही नहीं मिला।
पहले भी हादसे में सामने आई थी ई-बस
इस सेवा के तहत राज्य के सात प्रमुख शहरों में 351 इंटर-सिटी और इंट्रा-सिटी बसें शुरू की गई थीं। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन को दस बसें आवंटित की गई थीं। 27 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘पीएम ई-बस सेवा’ और ‘उज्जैन दर्शन सेवा’ का उद्घाटन किया था। उसी दिन (27 सितंबर) इससे पहले, इसी सेवा से जुड़ी एक ई-बस इंदौर के राजवाड़ा इलाके में बेकाबू होकर तीन लोगों से टकरा गई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे।






One Comment