MP Weather Update: 18 अक्टूबर तक बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

MP Weather Update: मानसून की विदाई के बाद मध्य प्रदेश के मौसम में एक नया बदलाव आने वाला है। दिन में तेज धूप और रात में ठंडक के साथ अब गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 15 से 18 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर रह सकता है। इसका सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल संभाग में देखने को मिल सकता है। इसके अलावा उज्जैन, सागर और रीवा संभाग के कुछ जिलों में भी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, नीमच और मंदसौर जिलों में बारिश हो सकती है।
16 से 18 अक्टूबर के बीच बारिश का दायरा और बढ़ सकता है, साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम में यह बदलाव उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हो रहा है।
सामान्य से 1.5 इंच कम बारिश
इस साल राज्य में मानसून के दौरान औसत से कम बारिश हुई है। जून से सितंबर के बीच कुल 908.4 मिलीमीटर यानी करीब 35.8 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 949.5 मिलीमीटर यानी 37.3 इंच है। इसका मतलब है कि सामान्य से लगभग 1.5 इंच कम बारिश हुई यानी करीब चार प्रतिशत की कमी रही। हालांकि पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के बारिश के आंकड़ों में काफी अंतर है जहां पूर्वी क्षेत्र में सामान्य से चार प्रतिशत अधिक बारिश हुई वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। इससे पता चलता है कि राज्य का औसत बारिश का आंकड़ा पूरी स्थिति को स्पष्ट रूप से नहीं दर्शाता है जहां कई जिलों में पर्याप्त बारिश हुई, वहीं अन्य जिलों में बारिश की कमी बनी रही।
पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी कमी
पश्चिमी क्षेत्र के कई जिलों में बारिश की कमी और भी अधिक रही। अलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य स्तर से कम बारिश दर्ज की गई है। इन जिलों में वर्षा की कमी 9 से 51 प्रतिशत तक है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर थी, जहां जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभागों में कुल वर्षा सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक थी। हालाँकि इस क्षेत्र के कुछ जिलों में भी कमी का अनुभव हुआ। बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर और सिवनी में बारिश सामान्य से 5 से 21 फीसदी कम रही।
Read Also: MP Crime News: मोबाइल पर गाना बजाने को लेकर विवाद, पड़ोसी की तलवार से हत्या






2 Comments