Panna Lokayukta Action: पन्ना में लोकायुक्त का छापा, 45 हजार की रिश्वत लेते दो कर्मचारी गिरफ्तार

Panna Lokayukta Action: पन्ना जिले में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत लोकायुक्त पुलिस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। जिला अदालत के सामने स्थित जल संसाधन विभाग के कार्यालय में अचानक की गई छापेमारी के दौरान, अधिकारियों ने दो कर्मचारियों लेखपाल दीपक परिहार और लिपिक अरविंद पाठक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया।
नहर निर्माण के काम के बदले मांगी थी रिश्वत
लोकायुक्त के अनुसार गौरव तोमर नाम के एक व्यक्ति ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि नहर निर्माण से जुड़े काम के बदले इन दोनों कर्मचारियों ने रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की पुष्टि करने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान लेखपाल दीपक परिहार को 15,000 रुपये के साथ और लिपिक अरविंद पाठक को 30,000 रुपये के साथ पकड़ा गया। उनसे कुल 45,000 रुपये बरामद किए गए।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाई
गिरफ्तारी के बाद लोकायुक्त टीम ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त की गई रकम और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके अलावा लोकायुक्त टीम विभाग के अन्य अधिकारियों से उस परियोजना से जुड़ी फाइलों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

One Comment