Singrauli News: सिंगरौली में हाई वोल्टेज ड्रामा, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद टावर से उतरी युवती

Singrauli News: मोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत NCL शिवकुंज कॉलोनी के पास सड़क किनारे लगे मोबाइल टावर पर मंगलवार शाम को 19 साल की एक युवती चढ़ गई। उसे टावर पर देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की एक टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुची पुलिस
बताया जा रहा है कि सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती को नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की। लेकिन जब भी कोई उसके करीब जाने की कोशिश करता तो वह और ऊपर चढ़ जाती। टावर के चारों ओर नुकीले कांटेदार तार लगे थे और नीचे जमीन पर कांटेदार झाड़ियां और कीचड़ था जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा
हालात की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन को भी मौके पर बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद मोरवा थाने के हेड कांस्टेबल श्याम सुंदर वैश्य और उनके साथ तीन अन्य लोग टावर पर चढ़े और युवती से बात की। काफी समझाने बुझाने के बाद वह आखिरकार नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
प्रेम सम्बन्ध को लेकर परेशान थी युवती
पुलिस ने युवती की पहचान पिपरखड़ निवासी 19 वर्षीय रितु बैगा के रूप में हुई है जो बैढ़न इलाके में एक ईंट भट्ठे पर काम करती है। उसने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे बस से मोरवा पहुंची थी। उसका मोरवा के पिडताली निवासी संतराम विश्वकर्मा के साथ प्रेम संबंध है। उसके अनुसार वह इसलिए बहुत परेशान थी क्योंकि संतराम ने पिछले दो दिनों से उससे कोई बात नहीं की थी। इस घटना के बाद पुलिस ने युवती की काउंसलिंग की और उसके परिवार वालों से संपर्क किया जिन्हें बाद में मौके पर बुला लिया गया।
Read Also: Dewas News: अवैध शराब से 2 मौतों के बाद बड़ा एक्शन, कलेक्टर-SP हटाए गए





