Chhatarpur News: किसान से रिश्वत लेने वाले पटवारी को 3 साल की जेल, 7 साल पुराने मामले में फैसला

Chhatarpur News: छतरपुर जिला अदालत ने एक किसान से रिश्वत मांगने के आरोप में पटवारी अंकित पाठक को तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उन पर 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह घटना लगभग सात साल पुरानी है।
सहायक जिला लोक अभियोजक संजय यादव ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के मामलों के लिए विशेष न्यायाधीश आशीष श्रीवास्तव की अदालत ने पटवारी को भ्रष्टाचार का दोषी मानते हुए यह फैसला सुनाया।
भूमि रिकॉर्ड में सुधार के बदले मांगी थी रिश्वत
ADPO संजय यादव के अनुसार 2019 में चंद्रनगर हल्के के प्रभारी पटवारी अंकित पाठक ने एक किसान से रिश्वत की मांग की। उन्होंने राजेंद्र सिंह यादव नामक किसान के भूमि रिकॉर्ड में सुधार करने के बदले 10,000 रुपये मांगे थे। इसके बाद राजेंद्र सिंह यादव ने सागर स्थित लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
Read Also: Bhopal News: भोपाल एयरपोर्ट देश में नंबर-1, ग्राहक संतुष्टि सर्वे में मिला 4.96 का स्कोर
8 हजार रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सागर की लोकायुक्त टीम ने जांच की और कदम उठाया। 22 जुलाई 2019 को लोकायुक्त टीम ने पटवारी अंकित पाठक को किसान से 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और बाद में अदालत में चार्जशीट दाखिल की।
सात साल पुराने मामले में अदालत का फैसला
इस मामले की सुनवाई छतरपुर जिला अदालत में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विशेष न्यायाधीश आशीष श्रीवास्तव की अदालत में हुई। अदालत ने पटवारी अंकित पाठक को किसान से रिश्वत लेने का दोषी पाया और उन्हें तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई साथ ही 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।
Read Also: Bhopal News: माखनलाल यूनिवर्सिटी की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, 40 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार





